यूपी के उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक को श्री सरजूदास जी महाराज ने दिया निमंत्रण, 23 अक्टूबर को मथुरा में होगा वृहद अध्यात्म आयोजन
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक को श्री सरजूदास जी महाराज ने दिया निमंत्रण, 23 अक्टूबर को मथुरा में होगा वृहद अध्यात्म आयोजन
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने आयोजन की तैयारियों के बारे में ली जानकारी
बीकानेर। धर्म और अध्यात्म के कार्य निरन्तर आगे बढ़ते रहे और देश में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता रहे। यह उद्गार उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय संत श्री सरजूदासजी महाराज द्वारा दी गई निमंत्रण पत्रिका के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि धर्म, सेवा और संस्कार हमारे देश की पहचान है। महामंडलेश्वर श्री सरजूदासजी महाराज ने उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य को निमंत्रण पत्रिका देते हुए कहा कि गुरुदेव श्रीश्री 108 महंत श्री श्यामदास जी महाराज (त्यागी बाबा) की प्रथम पुण्यतिथि पर मथुरा में श्रीमद्भागवत कथा, श्री हनुमंत महायज्ञ एवं विराट संत सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। महामंडलेश्वर श्री सरजूदास जी महाराज ने बताया कि परम पूज्य श्री सियाराम जी महाराज की कृपा एवं पूज्य गुरुदेव श्री रामदास जी महाराज के सान्निध्य में मथुरा के श्री बहुलावन बाटी स्थित श्री सीताराम मंदिर महावीर बाग में यह कार्यक्रम 23 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। उक्त आयोजन के निमंत्रण की पत्रिका उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक एवं उत्तरप्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को देकर आयोजन में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया। इस दौरान श्री गंगादास जी महाराज, मोहित शर्मा, रवि शर्मा, नारायण गहलोत आदि उपस्थित रहे। महामंडलेश्वर श्री सरजूदास जी महाराज ने बताया कि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी निमंत्रण स्वीकार करते हुए विराट संत सम्मेलन जैसे आयोजन करने की सराहना की।
आयोजन की जानकारी देते हुए महाराज श्री ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का वाचन श्री वृंदावन धाम, मथुरा के डॉ. श्यामसुंदर पाराशर द्वारा दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। 30 अक्टूबर को रात्रि 8 से 11 बजे तक श्रीकुंजबिहारी श्री हरिदास जी महाराज द्वारा तथा 31 अक्टूबर को बाबा श्री चित्र-विचित्र जी महाराज द्वारा विराट भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में श्री हनुमंत महायज्ञ व विराट संत सम्मेलन में देशभर से अनेक पूजनीय, दुर्लभ, तपस्वी, संत जगद्गुरु एवं धर्माचार्यों का आगमन होगा। उक्त सारे आयोजन 23 अक्टूबर से मथुरा में होंगे। गौरतलब है कि श्री सरजूदास जी महाराज त्यागी बाबा के अनन्य शिष्य थे तथा मथुरा बाटी श्री बहुलावन त्यागी बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर का दायित्व भी निभा रहे हैं। आयोजन में शामिल होने के लिए रामझरोखा कैलाशधाम के कार्यालय में अथवा 7568906878 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ