लूट और आर्म्स एक्ट का फरार आरोपी गिरफ्तार, दो साल से पुलिस को थी तलाश
लूट और आर्म्स एक्ट का फरार आरोपी गिरफ्तार, दो साल से पुलिस को थी तलाश
नोखा। नोखा थाना पुलिस ने लूट और आर्म्स एक्ट के प्रकरण में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूनम बिश्नोई (33) पुत्र भंवरलाल निवासी माडिया, थाना नोखा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से मामले को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण बनवारीलाल तथा नोखा सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी गोविन्द सिंह चारण के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। आरोपी को धारा 299 सीआरपीसी के तहत फरार चलने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
यह था पूरा मामला
19 जनवरी 2024 को नोखा निवासी रवि शर्मा ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि वह एसबीआई बैंक, सदर बाजार नोखा के सामने ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करता है। 18 जनवरी को दिनभर ग्राहकों के लेन-देन के बाद उसके पास करीब 2 लाख 55 हजार रुपए नकद थे। उसने रकम को एक बैग में रखा था, जिसमें जमा रसीदें और अन्य कागजात भी थे।
रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे वह रुपए का बैग लेकर स्कूटी से घर जा रहा था। घर के पास पीछे से आई स्लेटी रंग की सियाज कार ने उसकी स्कूटी के आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया।
कार से चार व्यक्ति नीचे उतरे। इनमें से एक के हाथ में लोहे का सरिया और दूसरे के पास पिस्टलनुमा हथियार था। आरोप है कि एक व्यक्ति ने सरिए से रवि शर्मा पर वार किया, जबकि अन्य ने उसे धमकाया और रुपए से भरा बैग छीनकर कार में सवार होकर फरार हो गए।
दो थानों में दर्ज हुआ था मामला
घटना को लेकर नोखा और नयाशहर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच उप निरीक्षक राजीव रॉयल को सौंपी गई थी। अब पुलिस ने मामले में फरार आरोपी पूनम बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी गोविन्द सिंह चारण, एएसआई बलवान सिंह, कांस्टेबल तेजाराम, जेठू सिंह, रमेश, राजेश और रामस्वरूप शामिल रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ