रिश्ते से इनकार करने की रंजिश में युवती की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में दोषी को आजीवन की सजा
रिश्ते से इनकार करने की रंजिश में युवती की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में दोषी को आजीवन की सजा
बीकानेर। रिश्ते से इनकार करने की रंजिश में युवती की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में स्थानीय एडीजे अदालत ने गुरुवार को दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वारदात के करीब छह साल बाद आए इस फैसले में दोषी पर 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
लोक अभियोजक इंद्रजीत सिंह वडिंग ने बताया कि पुलिस के आरोप पत्र, 15 गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर एडीजे श्याम कुमार व्यास ने सुखपाल (33) पुत्र गंगाराम निवासी 4 एडीएम, थाना पूगल, जिला बीकानेर को दोषी करार दिया।
अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 25 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। अन्य धाराओं में भी अलग-अलग सजाएं दी गई हैं। सभी मूल सजाएं साथ-साथ चलेंगी। अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में बिताई गई अवधि का लाभ भी दिया जाएगा।
रिश्ते से इनकार के बाद बढ़ा विवाद
परिवादिया रामप्यारी निवासी 59 एफ ने 24 अक्टूबर 2020 को गजसिंहपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, उसकी बड़ी बेटी राजकौर (25) श्रीगंगानगर में कोचिंग और कॉलेज जाती थी तथा किराए के कमरे में रहती थी। जयपुर में नौकरी के दौरान उसकी पहचान सुखपाल से हुई थी।
आरोप था कि सुखपाल दोनों बेटियों को नौकरी लगवाने और शादी के लिए दबाव डालने लगा था। उसके व्यवहार और शराब पीकर झगड़ा करने की बात सामने आने पर परिवार ने उसे घर आने से रोक दिया। इसके बाद वह छोटी बेटी राजकुमारी को उठा ले जाने की धमकी देने लगा और फोन पर भी धमकियां दीं।
सुखपाल के माता-पिता ने माफी मांगते हुए राजकुमारी का रिश्ता मांगा, लेकिन परिवार ने इनकार कर दिया।
घर में घुसकर चाकू से किया हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2020 की शाम करीब सवा छह बजे सुखपाल एक अन्य व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल से घर पहुंचा। उस समय राजकुमारी और राजकौर कमरे में आरती की तैयारी कर रही थीं।
आरोप है कि सुखपाल कमरे में घुसा और दरवाजा बंद करने लगा। दरवाजा खुलवाने की कोशिश के दौरान उसने चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई राजकुमारी की अंगुली में चोट लगी, जबकि राजकौर और उसके पिता पर भी चाकू से वार किए गए।शोर सुनकर मौके पर पहुंचे महेंद्र सिंह और राज पर भी चाकू से हमला किया गया। ग्रामीणों ने सुखपाल को कमरे में बंद कर दिया।घायलों को श्रीकरणपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें श्रीगंगानगर रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में राजकौर की मौत हो गई।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ