रिलीज होते ही ‘रामायण’ ने मचाया तहलका, पहले दिन कमाए इतने करोड़, 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
रिलीज होते ही ‘रामायण’ ने मचाया तहलका, पहले दिन कमाए इतने करोड़, 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
मुंबई। रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 64.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही यह 2026 की दूसरी सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है। सभी भाषाओं को मिलाकर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 77.50 करोड़ रुपये रहा।
हालांकि, पहले दिन की कमाई के मामले में फिल्म प्रभास की ‘आदिपुरुष’ से पीछे रही। ‘आदिपुरुष’ ने पहले दिन 86.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
25,200 शो में रिलीज हुई फिल्म
‘रामायण’ को देशभर में करीब 25,200 शो में रिलीज किया गया। फिल्म को सबसे ज्यादा दर्शक हिंदी भाषा में मिले। हिंदी वर्जन ने 20,678 शो के जरिए 47.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
अन्य भाषाओं में फिल्म का कलेक्शन इस प्रकार रहा:
-
कन्नड़: 7.25 करोड़ रुपये
-
तेलुगु: 6 करोड़ रुपये
-
तमिल: 2.60 करोड़ रुपये
-
मलयालम: 1.50 करोड़ रुपये
ओवरसीज मार्केट से भी फिल्म को 20 से 40 करोड़ रुपये तक की कमाई होने का अनुमान जताया जा रहा है। इससे फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 100 करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है।
‘पठान’ और ‘एनिमल’ के ओपनिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा
पहले दिन की कमाई के मामले में ‘रामायण’ ने शाहरुख खान की ‘पठान’ और रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के 102.55 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का रिकॉर्ड अभी कायम है।
महंगे टिकट और त्योहार की तैयारियों का असर
ट्रेड एक्सपर्ट्स और दर्शकों के मुताबिक, गुरुवार को रिलीज और दिवाली से पहले यात्रा व त्योहार की तैयारियों के कारण कई परिवार पहले दिन सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सके। इसके अलावा प्रीमियम टिकटों की ऊंची कीमतों, सीमित ऑन-ग्राउंड प्रमोशन और ‘आदिपुरुष’ को लेकर पहले मिली दर्शकों की निराशा ने भी शुरुआती प्रतिक्रिया को प्रभावित किया।
VFX और रणबीर-यश के अभिनय की चर्चा
फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रही हैं। कई दर्शकों ने इसके विजुअल इफेक्ट्स (VFX) की तारीफ की है। भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर और रावण की भूमिका में यश के अभिनय को भी सराहना मिल रही है।
करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा बजट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल है। इसके दोनों भागों का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ