बीकानेर की 15 पंचायत समितियों में कल प्रधान चुनाव, छत्तरगढ़ में कांग्रेस के सामने प्रत्याशी चयन की चुनौती
बीकानेर की 15 पंचायत समितियों में कल प्रधान चुनाव, छत्तरगढ़ में कांग्रेस के सामने प्रत्याशी चयन की चुनौती
सरिता चौहान की बगावत से कांग्रेस में बढ़ी खींचतान, छत्तरगढ़ में 12 सदस्यों के बहुमत के बावजूद उम्मीदवार के नाम पर असमंजस
बीकानेर। जिले की सभी 15 पंचायत समितियों में शुक्रवार (27 नवंबर) को प्रधान पद के चुनाव होंगे। चुनाव से पहले छत्तरगढ़, पूगल और खाजूवाला में कांग्रेस के सामने राजनीतिक चुनौती खड़ी हो गई है। पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान के कांग्रेस से बागी होने के बाद पार्टी के भीतर खींचतान बढ़ गई है। टिकट वितरण में गोविन्दराम मेघवाल की भूमिका को लेकर अब उनके खिलाफ कार्रवाई की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
छत्तरगढ़ में पहली बार चुना जाएगा प्रधान, कांग्रेस के 12 सदस्य
छत्तरगढ़ पंचायत समिति बनने के बाद यहां पहली बार प्रधान पद का चुनाव होगा। इसके लिए छत्तरगढ़ उपखंड कार्यालय में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उप जिला कलेक्टर पवन कुमार सुथार ने बताया कि मतदान को देखते हुए कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और पानी की व्यवस्था की गई है। छत्तरगढ़ पंचायत समिति में कुल 15 सदस्य हैं। इनमें कांग्रेस के 12, भाजपा का एक, एक निर्दलीय और एक आरएलपी का सदस्य शामिल है। संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन पार्टी में चल रही खींचतान के बीच प्रधान पद के प्रत्याशी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
12 कांग्रेस सदस्यों को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे गोविन्दराम
पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल छत्तरगढ़ में कांग्रेस के सभी 12 निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को लेकर उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे। गुरुवार रात तक सदस्यों के प्रमाण पत्र और शपथ पत्र मतदान के लिए उपखंड अधिकारी पवन कुमार को सौंपे गए। कांग्रेस के निर्वाचित सदस्यों की पिछले करीब एक महीने से बाड़ाबंदी चल रही है। वहीं भाजपा, निर्दलीय और आरएलपी के सदस्य भी अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं।
गौरव चौहान का नाम भी चर्चा में
छत्तरगढ़ में प्रधान पद के लिए पूर्व प्रधान गौरव चौहान का नाम भी चर्चा में है। वे इस बार अपने ननिहाल क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर पंचायत समिति सदस्य बने हैं। उन्हें भी प्रधान पद का दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, गुरुवार रात 8:18 बजे तक कांग्रेस की ओर से आधिकारिक चुनाव चिह्न नहीं मिलने के कारण प्रत्याशी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। अब पार्टी किसे उम्मीदवार बनाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
बहुमत के बावजूद कांग्रेस में खींचतान
छत्तरगढ़ में कांग्रेस के पास 12 सदस्यों का बहुमत है, लेकिन पार्टी के भीतर चल रही खींचतान ने प्रधान पद के चुनाव को चर्चा का विषय बना दिया है। गुरुवार रात तक एसडीएम कार्यालय के बाहर राजनीतिक गतिविधियां जारी रहीं और समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही। अब शुक्रवार को होने वाले मतदान में यह स्पष्ट होगा कि कांग्रेस अपने सदस्यों के समर्थन के साथ प्रधान पद का चुनाव कैसे लड़ती है और पार्टी के भीतर चल रहा विवाद चुनावी प्रक्रिया को किस तरह प्रभावित करता है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ