बीकानेर में रोहित गोदारा गैंग का सहयोगी नरेश विश्नोई गिरफ्तार
कोटगेट थाना पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी और फायरिंग सहित कई मामले दर्ज
बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने आदतन अपराधी नरेश विश्नोई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गैंगस्टर रोहित गोदारा का सहयोगी है और संगठित तरीके से गैंग बनाकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
यह कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में, सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में थानाधिकारी कोटगेट विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में गठित टीम ने की। पुलिस ने वर्ष 2025 के एक मामले में कार्रवाई करते हुए नरेश विश्नोई पुत्र ओमप्रकाश, निवासी रानीसर बास को गिरफ्तार किया है।
हत्या के प्रयास और रंगदारी सहित कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नरेश विश्नोई के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, रंगदारी, फायरिंग सहित विभिन्न धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय सदस्य है और संगठित अपराधों में संलिप्त रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गैंग से जुड़े लोगों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के साथ हेतराम, अमृतलाल, सहीराम, देवेंद्र, संजय कुमार और नरेश कुमार शामिल रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ