स्कूल बस से उतरते ही ट्रेलर ने दो बहनों को कुचला, 9 साल की बच्ची की मौत, दूसरी गंभीर घायल
स्कूल बस से उतरते ही ट्रेलर ने दो बहनों को कुचला, 9 साल की बच्ची की मौत, दूसरी गंभीर घायल
जोधपुर। शहर के विवेक विहार थाना क्षेत्र में गुरुवार (26 नवंबर) दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विनायक विहार, सांगरिया में स्कूल बस से उतरते ही दो बहनों को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसे में 9 वर्षीय अनन्या विश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन खुशी गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें केंद्रीय विद्यालय से स्कूल बस में घर लौट रही थीं। बस चालक ने उन्हें कॉलोनी के गेट पर उतार दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर की चपेट में दोनों बच्चियां आ गईं।
मौके पर जुटे लोग, घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अनन्या के शव को मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। अनन्या के पिता शैतानाराम विश्नोई RAC में कांस्टेबल हैं। अनन्या केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। परिवार में तीन बेटियां हैं।
बस और ट्रेलर जब्त, चालक फरार
एसआई विश्राम मीणा के अनुसार, स्कूल से लौटते समय बस ने दोनों बच्चियों को कॉलोनी के गेट पर उतारा था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अनन्या की मौत हो गई, जबकि खुशी घायल हो गई। पुलिस ने बस और ट्रेलर जब्त कर लिए हैं तथा दोनों वाहनों के चालकों की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी मंगलाराम चौधरी के अनुसार, स्कूल बस चालक आमतौर पर बच्चियों को घर तक छोड़ता था, लेकिन गुरुवार को उन्हें कॉलोनी के गेट के बाहर ही उतार दिया गया। प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि बस से उतरने के बाद दोनों बहनें बस के पीछे की तरफ गईं, तभी ट्रेलर की चपेट में आ गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ