बीकानेर: इस जगह घर पर अंधाधुंध फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो को पकड़ा
बीकानेर: इस जगह घर पर अंधाधुंध फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो को पकड़ा
बीकानेर। शहर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र स्थित बंगलानगर में दिनदहाड़े एक घर पर अंधाधुंध फायरिंग करने, गाली-गलौज और गाड़ी में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने आदतन अपराधी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना 8 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे की है। बंगला नगर में भूतनाथ मंदिर के सामने वाली गली निवासी परिवादी कौशल (29) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घटना के समय वह कमरे में सो रहा था और उसके पिता घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान सफेद रंग की बोलेरो कैम्पर और स्कॉर्पियो में सवार होकर संतोष बिश्नोई, लक्की बिश्नोई, सुरेंद्र सिंह उर्फ धोलू हरियाणा, विष्णु बिश्नोई, बजरंग चांडासर, मुकेश बिश्नोई और 4-5 अन्य हथियारबंद बदमाश पहुंचे।
बदमाशों ने आते ही घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर जब कौशल ने खिड़की खोली, तो आरोपियों ने उसकी तरफ बंदूक तान दी। कौशल ने तुरंत खिड़की बंद कर जान बचाई, जबकि उसके पिता भी भागकर अंदर आए और मुख्य गेट बंद कर लिया। इसके बाद हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार को बोलेरो कैम्पर से बार-बार टक्कर मारकर चकनाचूर कर दिया। आसपास के लोगों के जुटने पर बदमाश धमकी देकर फरार हो गए। एसएचओ विश्वजीत सिंह ने बताया कि वारदात के बाद से फरार अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी और लगातार उनके ठिकानों पर दबिश दी गई थी। मंगलवार को वारदात में शामिल नोखा में जेगला निवासी जयसुखराम देहडू उर्फ लक्की बिश्नोई और मुक्ताप्रसाद नगर निवासी गोपीराम भार्गव को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ