राजस्थान में बड़े पेट्रोल-डीजल के दाम, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा
राजस्थान में बड़े पेट्रोल-डीजल के दाम, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा
जयपुर। राजस्थान में वाहन चालकों को महंगाई का एक और झटका लगा है। नायरा एनर्जी के बाद अब निजी ईंधन कंपनी जियो-बीपी ने भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपए और डीजल के दाम 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए हैं। दी गई जानकारी के अनुसार, नई दरें रविवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। राजस्थान में जियो-बीपी के 200 से ज्यादा पेट्रोल पंप बताए जा रहे हैं। कीमतों में बढ़ोतरी का असर इन पंपों से ईंधन भरवाने वाले वाहन चालकों पर पड़ेगा।
जयपुर में पेट्रोल ₹113.91 और डीजल ₹97.15 प्रति लीटर
जियो-बीपी की नई दरों के अनुसार, जयपुर में पेट्रोल की कीमत 108.91 रुपए से बढ़कर 113.91 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल की कीमत 94.15 रुपए से बढ़कर 97.15 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। जयपुर में कंपनी के लगभग 20 पेट्रोल पंप बताए जा रहे हैं।
राजस्थान के इन शहरों में पेट्रोल के नए दाम
जयपुर: पुरानी कीमत ₹108.91, नई कीमत ₹113.91 प्रति लीटर। जोधपुर: पुरानी कीमत ₹112.50, नई कीमत ₹117.50 प्रति लीटर। कोटा: पुरानी कीमत ₹112.22, नई कीमत ₹117.22 प्रति लीटर।
नायरा एनर्जी भी बढ़ा चुकी है कीमतें
इससे पहले 3 अक्टूबर को नायरा एनर्जी ने भी पेट्रोल की कीमत में 5 रुपए और डीजल की कीमत में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अब जियो-बीपी के दाम बढ़ाने से निजी ईंधन कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाने वाले ग्राहकों का खर्च बढ़ गया है।
वाहन चालकों की जेब पर पड़ेगा असर
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले लोगों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों तथा व्यावसायिक वाहनों का खर्च बढ़ सकता है। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान आवाजाही बढ़ने के बीच ईंधन महंगा होने से लोगों के मासिक बजट पर भी असर पड़ने की संभावना है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ