कई गांवो के लोगों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, विधायक के प्रयासों से हुआ 41 लाख का कार्य
खुलासा न्यूज,बीकानेर। खाजूवाला की निकटवर्ती ग्राम पंचायत 3 पावली में लगभग 41 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का रविवार को विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
नए उप स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से 3 पावली एवं आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे आमजन के समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक ने ग्राम पंचायत 3 पावली में डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। लोकार्पण समारोह में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध, खाजूवाला के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार, उप जिला अस्पताल खाजूवाला के पीएमओ डॉ. अमरचंद बुनकर, प्रशांत सिहाग, ग्राम पंचायत 3 पावली के प्रशासक भागीरथ, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश सहारण, कुंदन सिंह राठौड़, राकेश सहोत्रा तथा उप स्वास्थ्य केंद्र 3 पावली की एएनएम निर्मला देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ