भीषण सड़क हादसा: कैंटर ने बाइक सवार दो युवकों को 100 मीटर तक घसीटा, मौत
भीषण सड़क हादसा: कैंटर ने बाइक सवार दो युवकों को 100 मीटर तक घसीटा, मौत
श्रीगंगानगर। शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मौसम विभाग रोड पर ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर दोनों युवकों और बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कैंटर का एक टायर भी फट गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे जवाहरनगर थाना क्षेत्र में मास्टर कॉलोनी निवासी दीपक (27) और मोनू (24) बाइक पर सवार होकर मौसम विभाग रोड से संविधान चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज की तरफ से पंजाब की ओर जा रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कैंटर दोनों युवकों को बाइक सहित करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर जवाहरनगर थाने के ड्यूटी अधिकारी एएसआई महेश मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
सोमवार सुबह मृतकों के परिजन और मास्टर कॉलोनी के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने पंजाब की ओर जाने वाली सड़क पर जाम लगाकर दोनों मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में पकड़ लिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ