खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश मामले में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की जेल
खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश मामले में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की जेल
अमेरिकी अदालत में निखिल ने पन्नू और सिख समुदाय से मांगी माफी, सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से निर्वासन की प्रक्रिया होगी शुरू
अमेरिका। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिकी अदालत ने 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। 55 वर्षीय निखिल ने इस साल की शुरुआत में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप स्वीकार कर लिए थे।
शुक्रवार को न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सुनवाई के दौरान निखिल ने पन्नू से माफी भी मांगी। करीब 80 मिनट चली सुनवाई के बाद जज विक्टर मारेरो ने सजा सुनाई।
निखिल बोले- पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगता हूं
सजा सुनाए जाने से पहले निखिल ने अदालत में करीब छह मिनट तक अंग्रेजी में अपनी बात रखी। उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का जिक्र करते हुए कहा कि वे इन नेताओं के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे।
इसके बाद उन्होंने पन्नू की ओर देखते हुए कहा कि वे अपने किए को बदल नहीं सकते, लेकिन उन्हें इसका अफसोस है। उन्होंने पन्नू, सिख समुदाय और इससे जुड़े लोगों से माफी मांगी।
अपनी बात रखते हुए निखिल भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि इस मामले के कारण उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि उनका इसमें कोई दोष नहीं है।
पन्नू ने भी अदालत में रखी अपनी बात
सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी अदालत में बयान दिया। उसने कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1,200 दिनों से अधिक समय तक सामान्य रूप से वकालत का काम नहीं कर पाया है। पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी। इस दौरान जज ने उसे बयान संक्षिप्त रखने के लिए कहा, ताकि सुनवाई आगे बढ़ाई जा सके। सुनवाई से पहले पन्नू के कई समर्थक न्यूयॉर्क की अदालत के बाहर जमा हुए थे। उनके पास निखिल गुप्ता और मामले से जुड़े अन्य लोगों के पुतले थे। सुनवाई के दौरान पन्नू भी अदालत में मौजूद था। उसके साथ सिख समुदाय के कई लोग भी पहुंचे थे।
सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से निकाले जाएंगे निखिल
अदालत ने निखिल को जेल की सजा पूरी होने के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया। जज ने कहा कि सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से निर्वासित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, निखिल के वकीलों ने फैसले पर निराशा जताई। उनका कहना था कि उन्हें अदालत से कम सजा मिलने की उम्मीद थी।
ऐसे रची गई थी हत्या की साजिश
अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, वर्ष 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में विकास यादव का नाम भी सामने आया था।
अमेरिकी अभियोजन पक्ष के अनुसार, यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी जांच एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था। आरोपों के मुताबिक, गुप्ता ने उस व्यक्ति से न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यादव ने गुप्ता के माध्यम से हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात कही थी।
इसके अलावा, 9 जून 2023 के आसपास गुप्ता और यादव ने अपने एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद अग्रिम राशि के तौर पर भी भिजवाए थे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ