जापान में 5.7 तीव्रता का भूकंप, 22 लोग घायल; बुलेट ट्रेन की रफ्तार घटाई
जापान में 5.7 तीव्रता का भूकंप, 22 लोग घायल; बुलेट ट्रेन की रफ्तार घटाई
जापान। जापान में शनिवार रात 5.7 तीव्रता का भूकंप आने से कम से कम 22 लोग घायल हो गए। तेज झटकों के कारण कई दुकानों के शीशे टूट गए। दहशत में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र शिजुओका प्रांत में जमीन से करीब 40 किलोमीटर नीचे था। सबसे तेज झटके आइची प्रांत में महसूस किए गए।
एक सप्ताह तक सतर्क रहने की सलाह
यह इस महीने जापान में आया तीसरा तेज भूकंप बताया जा रहा है। इससे पहले 1 नवंबर को 6.0 और 7 नवंबर को 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था। मौसम विज्ञान एजेंसी ने लोगों को अगले एक सप्ताह तक सतर्क रहने की सलाह दी है। एजेंसी के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में भी तेज झटके महसूस हो सकते हैं।
बुलेट ट्रेनों की रफ्तार कम की
भूकंप के बाद प्रभावित इलाकों में शिंकानसेन बुलेट ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी गई। रेलवे ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया, क्योंकि भूकंप से रेल पटरियों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। ऐसे में तेज रफ्तार ट्रेनों के संचालन में हादसे का खतरा बढ़ सकता है।
'रिंग ऑफ फायर' में स्थित है जापान
जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। यह चार बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों के क्षेत्र में स्थित है और प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' का हिस्सा है। यहां हर साल करीब 1,500 भूकंप आते हैं, जिनमें से अधिकांश हल्के होते हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ