अमेरिका ने यूक्रेन को दिया NATO मेंबरशिप का ऑफर, बदले में रखी ये बड़ी शर्त!
अमेरिका ने यूक्रेन को दिया NATO मेंबरशिप का ऑफर, बदले में रखी ये बड़ी शर्त!
अंतरराष्ट्रीय। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक बड़ा कूटनीतिक दावा सामने आया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका ने यूक्रेन को NATO की सदस्यता देने के बदले डोनबास क्षेत्र रूस को सौंपने का सुझाव दिया है। जेलेंस्की के कार्यालय की ओर से शनिवार को यह बयान जारी किया गया। जेलेंस्की के मुताबिक, अबू धाबी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच हुई शांति वार्ता के दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने पहली बार यह प्रस्ताव रखा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि यूक्रेन अपनी जमीन रूस को सौंपने के लिए तैयार नहीं है।
जेलेंस्की ने बताया कि अमेरिकी अधिकारियों ने उनसे पूछा था कि यदि यूक्रेन को NATO की सदस्यता मिलती है, तो क्या वह डोनबास क्षेत्र से अपनी सेना हटा लेगा? इस पर उन्होंने कहा कि किसी भी शांति समझौते के लिए यूक्रेन को सुरक्षा की ठोस और पक्की गारंटी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि यदि अमेरिका और NATO के अन्य सदस्य देश यूक्रेन को मजबूत सुरक्षा गारंटी देते हैं, तो इस प्रस्ताव पर जनता की राय ली जा सकती है। इसके लिए देश में जनमत संग्रह भी कराया जा सकता है। जेलेंस्की ने कहा, "अगर अमेरिका और NATO के दूसरे सहयोगी हमें सुरक्षा की पक्की गारंटी देते हैं, तो मैं यूक्रेन के लोगों से पूछूंगा कि क्या हमें यह प्रस्ताव मंजूर है या नहीं। मुझे इतना बड़ा फैसला अकेले लेने का अधिकार नहीं है।"
डोनबास यूक्रेन का पूर्वी क्षेत्र है, जिसमें डोनेत्स्क और लुहांस्क शामिल हैं। रूस लंबे समय से इस पूरे क्षेत्र पर नियंत्रण चाहता है। फिलहाल इसके बड़े हिस्से पर रूसी सेना का कब्जा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन लगातार यूक्रेन के NATO में शामिल होने का विरोध करते रहे हैं। रूस का तर्क है कि NATO का पूर्व की ओर विस्तार उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। गौरतलब है कि रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर सैन्य हमला किया था। यूक्रेन की NATO सदस्यता की कोशिश भी रूस द्वारा हमले के पीछे बताए गए कारणों में शामिल रही है। अब डोनबास और NATO सदस्यता को लेकर सामने आया यह दावा शांति वार्ता को एक नए मोड़ पर ले जा सकता है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ