युवक को झांसे में लेकर डेढ़ लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हुआ बाइक सवार
युवक को झांसे में लेकर डेढ़ लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हुआ बाइक सवार
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक को झांसे में लेकर बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले युवक को गांव बिग्गा छोड़ने का भरोसा दिलाया और फिर मोटरसाइकिल पर बैठाकर बैग बदलने के बहाने नकदी व सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गया। इस संबंध में बिग्गा निवासी घनश्याम बावरी पुत्र चोखाराम ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
परिवादी ने बताया कि वह गुजरात के राजकोट में काम करता है और 17 अक्टूबर को राजकोट से श्रीडूंगरगढ़ पहुंचा था। गांव जाने के लिए बस और टैम्पो का इंतजार करते समय एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया और खुद को पंजाब का निवासी बताते हुए बिग्गा जाने की बात कही। आरोपी ने कहा कि उसका एक दोस्त आने वाला है और बाद में गाड़ी से उसे भी बिग्गा छोड़ देगा। कुछ देर बाद वही व्यक्ति मोटरसाइकिल लेकर आया और दोस्त के नहीं आने की बात कहकर परिवादी को अपने साथ बैठा लिया। तहसील कार्यालय के पास पहुंचने पर आरोपी ने बैग भारी होने के कारण मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने का बहाना बनाया और दोनों के बैग बदलने को कहा।
परिवादी उसके झांसे में आ गया और अपना बैग देकर आरोपी का बैग ले लिया। जैसे ही वह दोबारा मोटरसाइकिल पर बैठने लगा, आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया और परिवादी का बैग भी साथ ले गया। आरोपी मौके पर अपना खाली बैग छोड़ गया। परिवादी के अनुसार, उसके बैग में 1 लाख 50 हजार रुपए नकद, एक छोटा फोन, पावर बैंक, कपड़े और अन्य निजी सामान था। पुलिस ने परिवादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ