मौसम विभाग का आया नया पूर्वानुमान, बीकानेर सहित इन दिन से बारिश
मौसम विभाग का आया नया पूर्वानुमान, बीकानेर सहित इन दिन से बारिश
जयपुर। राजस्थान में मई का माह में गर्मी का मिजाज कुछ बदल बदल सा है। तेज गरमी से पूरा प्रदेश परेशान है। मौसम विभाग ने आज सुबह 4.15 पर तीन घंटे का श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जिले के लिए मेघगर्जन, गरज-चमक संग तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 30-40 ्यरूक्क॥ रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में देश में सबसे गर्म राजस्थान का श्रीगंगागनगर रहा है। जहां पर तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज मौसम में बदलाव होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई यानि आज से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। वहीं 29 से 31 मई के बीच कोटा संभाग सहित जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
देश में उत्तरप्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा
राजस्थान इन दिनों मानो आग के आसमान के नीचे सांस ले रहा है। नौतपा के तीसरे दिन बुधवार को भी सूरज ने ऐसी तपिश उगली कि श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर बन गया। यहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उत्तरप्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। राजस्थान में गर्मी का प्रकोप इस कदर है कि श्रीगंगानगर, पिलानी, बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, फलोदी, कोटा और बाड़मेर समेत 8 शहरों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। अधिकांश शहरों में तापमान 41 डिग्री से ऊपर बना रहा।
श्रीगंगानगर में बीते साल पारा 49 पार पहुंचा था
श्रीगंगानगर बुधवार को सीजन में सर्वाधिक गर्म रहा। इससे पहले 2024 में 28 मई को तथा 2025 में 13 जून अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं जून महीने का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 14 जून 1934 को 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सबसे गर्म रात वाला शहर रहा कोटा
प्रदेशवासियों को राहत रात में भी नसीब नहीं हो रही। गर्म हवाओं ने रातों की ठंडक छीन ली है। कोटा सबसे गर्म रात वाला शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री दर्ज किया गया। फलोदी, जयपुर व चित्तौडग़ढ़ में भी रात का पारा 32 डिग्री से ऊपर रहा। यानी रातें भी अब सुकून नहीं, बेचैनी लेकर उतर रही हैं।
जून के प्रथम सप्ताह तक बना रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, आंधी और बारिश के असर से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसके चलते पिछले कई दिनों से जारी हीट वेव से लोगों को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि जून के प्रथम सप्ताह तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर बना रह सकता है।
जयपुर मौसम : आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस
जयपुर का मौसम आज गुरुवार 28 मई को बेहद सुहावना है। ठंडी हवाएं राहत पहुंचा रहीं हैं। सुबह 6 बजे तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
राज्य में 20 जून को प्रवेश करेगा मानसून
भारतीय मौसम केन्द्र के अनुसार 20 जून को मानसून के राजस्थान के प्रवेश की संभावना है, यह सबसे पहले डूंगरपुर-बांसवाड़ा से टकरा सकता है इसके बाद 25 जून को झालावाड़ में प्रवेश करने के बाद पश्चिमी राजस्थान की ओर बढ़ेगा। 30 जून तक आधे राज्य में पूरी तरह छाने के बाद इसके 5 जुलाई तक पश्चिमी राजस्थान में पहुंचने की संभावना है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में हीट से सावधान रहने का अलर्ट जारी किया है। सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों, प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों को हीट-स्ट्रोक के लिए अलग से बेड आरक्षित करने, आवश्यक दवाइयों ओआरएस, आइवी फ्लूड की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपातकालीन कूलिंग उपकरणों एवं किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित हीट स्ट्रोक संबंधी बीमारियों के उपचार प्रोटोकॉल की जानकारी वाले स्टाफ को तैनात रखने के निर्देश दिये गये हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ