बीकानेर नगर निगम की साधारण सभा की बैठक आज, इस मुद्दे पर हंगामे के आसार
बीकानेर नगर निगम की साधारण सभा की बैठक आज, इस मुद्दे पर हंगामे के आसार
बीकानेर। नगर निगम के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली साधारण बैठक आज (शुक्रवार) निगम के सभा हाल में होगी। पहली बैठक ही काफी हंगामेदार हो सकती है। विपक्ष के पार्षद मेयर को शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर घेरने का प्रयास करेंगे। वहीं इससे निपटने के लिए कांग्रेस पार्षदों के साथ मेयर एक बैठक कर चुके हैं, जिसमें शहर की समस्याओं पर चर्चा के साथ ही विपक्ष के विरोध से निपटने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। दोपहर 12 बजे शुरू होने वाली साधारण सभा मेयर अनिल कल्ला और डिप्टी मेयर पंकज गहलोत के लिए भी नया अनुभव होगा। दोनों ही पहली बार पार्षद बने थे और इसके बाद इस महत्वपूर्ण पद तक पहुंच गए।
नगर निगम में सत्ता पक्ष को शहर की सफाई व्यवस्था के लिए घेरा जा सकता है। 2 अक्टूबर से एक फर्म को काम करने का ठेका दिया गया था, जिसने अब तक पर्याप्त संख्या में टीपर नहीं लगाए हैं। इससे घर घर कचरा संग्रहण नहीं हो रहा। ये कचरा शहर की सड़कों पर फैला हुआ है। लगभग सभी वार्डों में पिछले कुछ दिनों से कचरा उठना तो शुरू हुआ है लेकिन एक दिन बाद ही स्थिति जस की तस हो जाती है।
उम्मीद की जा रही है कि मेयर अनिल कल्ला आज कुछ नई योजनाओं के साथ अपनी राजनीति की पहली बैठक में हिस्सा लेंगे। शहर के सौंदर्यकरण के साथ ही समस्याओं को निपटाने के लिए कुछ योजनाओं को लांच कर सकते हैं। इसमें घर-घर कचरा संग्रहण के साथ ही शहर में ट्यूरिस्ट प्वाइंट बनाने सहित अनेक मुद्दे शामिल हैं। दीपावली व अन्य त्यौहारों को देखते हुए शहर में लाइटिंग करने और सफाई के विशेष अभियान की शुरूआत की घोषणा भी हो सकती है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ