बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में बगावत का खामियाजा: सरिता मेघवाल 6 साल के लिए कांग्रेस से निलंबित
बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में बगावत का खामियाजा: सरिता मेघवाल 6 साल के लिए कांग्रेस से निलंबित
निकिता डूडी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने पर कार्रवाई, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा का दो टूक संदेश- पार्टी में बगावत की जगह नहीं।
बीकानेर। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ बगावत कर निर्दलीय मैदान में उतरीं पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी और जिला परिषद सदस्य सरिता मेघवाल पर पार्टी ने कार्रवाई की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर सरिता मेघवाल को 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है।
जिला प्रमुख चुनाव में सरिता मेघवाल ने कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी के सामने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। चुनाव में निकिता डूडी ने 23 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि सरिता मेघवाल को 18 वोट मिले।
टिकट को लेकर चुनाव से पहले भी थी खींचतान
जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट को लेकर जबरदस्त खींचतान देखने को मिली थी। पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल अपनी बेटी सरिता के लिए समर्थन जुटाने में लगे थे। वहीं, पार्टी ने निकिता डूडी को अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। सरिता मेघवाल ने पार्टी के फैसले के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर मुकाबले को रोचक बना दिया था। भाजपा प्रत्याशी धापू कंवर और अन्य समर्थित प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद चुनावी समीकरण भी चर्चा में रहे।
डोटासरा का संदेश- पार्टी में बगावत बर्दाश्त नहीं
निकिता डूडी के जिला प्रमुख बनने के बाद कांग्रेस ने सरिता मेघवाल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी में बगावत के लिए कोई जगह नहीं है।
इस कार्रवाई के साथ ही बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव के बाद कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ