21 वर्षीय युवती लापता, युवक पर पीछा करने और अपहरण का आरोप
परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में जबरन शादी के लिए धमकाने की बात कही, CCTV फुटेज में रात को घूमता दिखाई दिया युवक।
श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के मोमासर बास इलाके से 21 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की मां ने मोहल्ले के एक युवक पर लंबे समय से बेटी का पीछा करने, परेशान करने और जबरन शादी के लिए धमकाने का आरोप लगाया है।
परिवादिया ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार मोमासर बास इलाके में रहता है। आरोप है कि मोहल्ले का राजूराम नामक युवक काफी समय से उनकी पुत्री का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था और जबरन शादी करने के लिए डराता-धमकाता था। इस संबंध में युवक को पहले समझाया भी गया था। रिपोर्ट के अनुसार, 24 नवंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। सुबह उठने पर युवती घर पर नहीं मिली। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने नेशनल हाईवे के पास स्थित कबाड़ की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। उनके अनुसार, फुटेज में युवक रात के समय घूमता हुआ दिखाई दिया। परिजनों ने आशंका जताई है कि राजूराम उनकी बेटी को डरा-धमकाकर अपने साथ ले गया है।
पुलिस ने मुन्नी देवी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस युवती की तलाश और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ