बीकानेर में साइबर ठगी की बड़ी वारदात, यूको बैंक के संयुक्त खाते से उड़ाए करीब 16 लाख रुपए
बीकानेर में साइबर ठगी की बड़ी वारदात, यूको बैंक के संयुक्त खाते से उड़ाए करीब 16 लाख रुपए
13 और 15 नवंबर को निकाली गई अधिकांश रकम, बैंक से 1930 साइबर हेल्पलाइन पर भी की गई शिकायत
बीकानेर। शहर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर ठगों ने यूको बैंक के एक संयुक्त बचत खाते को हैक कर करीब 16 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर कॉलोनी थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुदर्शन नगर निवासी मोहित गहलोत पुत्र भगवान दास गहलोत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि यूको बैंक की गंगाशहर शाखा में उनके और उनके पिता के नाम से संयुक्त बचत खाता है। आरोप है कि अज्ञात साइबर ठगों ने खाते को हैक कर उसमें जमा करीब 16 लाख रुपए निकाल लिए।
13 और 15 नवंबर को निकाली गई रकम
रिपोर्ट के अनुसार खाते से अधिकांश राशि 13 और 15 नवंबर 2026 को निकाली गई। 13 नवंबर की सुबह खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर मोहित गहलोत तुरंत यूको बैंक की गंगाशहर शाखा पहुंचे और बैंक अधिकारियों को घटना की सूचना दी। इसके बाद 17 नवंबर को बैंक से ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई गई।
मामले में पहले साइबर थाना जयपुर में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे कार्रवाई के लिए बीकानेर के कॉलोनी थाने भेजा गया। कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक यशवीर को सौंपी गई है। पुलिस बैंक खाते के लेन-देन और साइबर ट्रेल के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ