बड़ा हादसा टला: स्वास्थ्य केन्द्र भवन का अचानक गिरा प्लास्टर, बाल बाल बचे स्टाफ व मरीज
बड़ा हादसा टला: स्वास्थ्य केन्द्र भवन का अचानक गिरा प्लास्टर, बाल बाल बचे स्टाफ व मरीज
श्रीडूंगरगढ़। विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांवों में स्वास्थ्य केंद्रों की हालत बहुत दयनीय है। उपखंड के सत्तासर गांव में शनिवार को उप स्वास्थ्य केंद्र भवन की छत का प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई थी। इस स्वास्थ्य केंद्र की तस्वीर कई सवाल खड़े करती नजर आ रही है। जहां एक तरफ स्वास्थ्यकर्मियों को असुविधाओं के बीच काम करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि जर्जर होता स्वास्थ्य केंद्र जगह-जगह गिरता प्लास्टर डर के साए में इलाज करती महिला स्वास्थ्यकर्मी सरकार के बड़े-बड़े दावो की पोल खोल रही है। सत्तासर गांव का जर्जर उप स्वास्थ्य केंद्र, जहां इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों और यहां सेवाएं देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के सामने अपने ही जीवन पर संकट दिखाई दे रहा है जहां स्वास्थ्यकर्मी खुद डर के साए में मरीजों का इलाज कर रहे हैं।स्वास्थ्य केंद्र की मौजूदा स्थिति को देखकर मरीजों को इलाज के साथ-साथ अपनी सुरक्षा की चिंता भी सताती जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों की जमीनी हकीकत आखिर क्या है।ग्रामीणों की मांग है कि उप स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मौके पर निरीक्षण किया जाए। भवन और मरीजों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को दूर किया जाए और स्वास्थ्य कर्मियों को भी सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जाए। क्योंकि स्वास्थ्य केंद्र सिर्फ एक इमारत नहीं होता- यह ग्रामीणों के भरोसे का केंद्र होता है। जब कोई मरीज इलाज की उम्मीद लेकर यहां पहुंचता है, तो उसे सुरक्षित माहौल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलना उसका अधिकार है।अब बड़ा सवाल यही है क्या जिम्मेदार अधिकारी इस स्वास्थ्य केंद्र की जमीनी स्थिति का संज्ञान लेंगे?क्या सत्तासर के जर्जर उप स्वास्थ्य केंद्र की तस्वीर बदलेगी और सबसे बड़ा सवाल ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा कब सुनिश्चित होगी यह बड़ा सवाल है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ