सरपंच पति पर जानलेवा हमला, कार से कुचलने का प्रयास
सूरतगढ़। ग्राम पंचायत रंगमहल के सरपंच पति सहीराम नायक ने रणजीत फौजी सहित अन्य लोगों पर खेत में फायरिंग और शादी समारोह में कार से कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। सहीराम ने सिटी थाने में परिवाद देकर जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। परिवाद के मुताबिक, 25 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे बारेकां निवासी अनिल ओड़ ने सहीराम को फोन किया। उसने बताया कि नई बारेकां में उसकी कृषि भूमि पर सरसों की बिजाई हुई है। आरोप है कि रणजीत फौजी कुछ निहंगों और अन्य लोगों के साथ दो ट्रैक्टर और एक पिकअप लेकर खेत में घुसा और फसल को नुकसान पहुंचाने लगा। विरोध करने पर रणजीत फौजी ने फायरिंग की। इसके बाद सहीराम ने सिटी पुलिस को सूचना दी। एएसआई शिवलाल मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देखकर आरोपी अपने वाहन वहीं छोड़कर भाग गए। परिवाद में बताया गया कि उसी रात करीब 9 बजे सहीराम अपने दोस्तों मनीष नंदीवाल, सुभाष सिंहमार और मोहन भाटी के साथ नई बारेकां में शादी समारोह में गया था। मुख्य सड़क पर गाड़ी रुकने के बाद सहीराम नीचे उतरा। वहां रणजीत फौजी दो-तीन निहंगों के साथ सफेद कार लेकर खड़ा था। आरोप है कि रणजीत फौजी ने सहीराम को मारने की नीयत से उस पर कार चढ़ा दी। कार सहीराम के पैर के ऊपर से निकल गई। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। उसके साथी घायल सहीराम को सूरतगढ़ के उप जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज हुआ। सहीराम ने इस संबंध में पुलिस थाने में केस दर्ज करने के लिए परिवाद दिया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ