जमीन के सौदों को लेकर चार मामले दर्ज: धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जमीन के सौदों को लेकर चार मामले दर्ज: धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के आरोप, पुलिस जांच में जुटी
बीकानेर। जिले में जमीन के सौदों से जुड़े विवाद लगातार सामने आ रहे हैं। सदर और बीछवाल थाना क्षेत्रों में दर्ज चार अलग-अलग मामलों में जमीन का सौदा करने, रकम लेने के बाद नामांतरण नहीं कराने, रजिस्ट्री से इनकार करने, कब्जा नहीं देने और कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन मामलों में परिवादियों ने आरोपियों पर धोखाधड़ी कर रकम हड़पने और जमीन संबंधी सौदों में विश्वासघात करने के आरोप लगाए हैं। सदर थाना क्षेत्र में 25 सितंबर को दर्ज मामले में रणजीतपुरा निवासी राजकुमार जाट ने जमीन के सौदे से जुड़ी धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। परिवादी राजकुमार जाट ने आरोप लगाया कि उसने अपने मुख्त्यारआम के माध्यम से जमीन के लिए रकम दी थी। आरोप है कि जेठू सिंह और अन्य लोगों ने जमीन का सौदा किया, लेकिन बाद में जमीन के भाव बढऩे पर बैयनामा कराने से इनकार कर दिया। परिवादी का कहना है कि सौदा पूरा नहीं होने से उसे आर्थिक नुकसान हुआ। मामले में जेठू सिंह, मस्तु कंवर, मोहन सिंह, बिदाम कंवर और नरेन्द्र सिंह के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
इसी थाना क्षेत्र में दूसरे मामले में प्रिया ने जमीन का सौदा कर रकम लेने के बावजूद नामांतरण नहीं कराने और रुपये वापस नहीं लौटाने का आरोप लगाया है। परिवादिया के अनुसार जमीन का सौदा किया गया और उसके बदले रकम ली गई, लेकिन बाद में जमीन का नामांतरण नहीं कराया गया और रकम भी वापस नहीं की गई। मामले में सोनमनी नाम की महिला का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।सदर थाना क्षेत्र में ही तीसरे मामले में रेणु योगी ने जमीन के प्लॉटों के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। परिवादिया के अनुसार आरोपियों ने उससे रकम लेने के बाद इकरारनामा के जरिए भूखंडों का विक्रय किया, लेकिन उनकी रजिस्ट्री नहीं करवाई और कब्जा भी नहीं सौंपा। आरोप है कि जिन भूखंडों की रकम ली गई थी, उनकी राशि वापस नहीं की गई तथा कुछ भूखंडों को दोबारा अन्य लोगों को बेच दिया गया। मामले में राकेश गहलोत और राकेश जनागल के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।वहीं बीछवाल थाना क्षेत्र में भी जमीन के नामांतरण और दस्तावेजों से जुड़ा गंभीर मामला दर्ज हुआ है। पीर तलाई, श्रीरामसर निवासी मुमताज मोहम्मद ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने धोखाधड़ीपूर्वक जमीन का नामांतरण कराया तथा कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। मामले में पारस मारू और अल्ताफ उर्फ हाजी के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जमीन से जुड़े इन सभी मामलों में पुलिस ने परिवादियों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपों की वास्तविकता, जमीन के दस्तावेज, रकम के लेन-देन और संबंधित संपत्तियों की स्थिति की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट होगी। पुलिस दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ