बीकानेर: इन स्थानों के 500 मीटर की परिधि में नहीं कर सकेंगे आतिशबाजी, पढ़ें ये खबर
बीकानेर: इन स्थानों के 500 मीटर की परिधि में नहीं कर सकेंगे आतिशबाजी, पढ़ें ये खबर
बीकानेर। दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंप, गैस गोदाम और गैस बॉटलिंग प्लांट के आसपास 500 मीटर की परिधि में पटाखों एवं आतिशबाजी रोक लगा दी गई है। जिले में स्थित पेट्रोलियम एवं उससे बने पदार्थों के संस्थानों जैसे पेट्रोल पंप, गैस गोदाम एवं गैस बॉटलिंग प्लांट आदि के आस-पास 500 मीटर की परिधि में आतिशबाजी नहीं की जा सकेगी। शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों, जिनमें केईएम रोड, स्टेशन रोड, गंगाशहर रोड, दाऊजी रोड, सट्टा बाजार गली, लाभूजी कटला, बड़ा बाजार, तोलियासर भैंरूजी की गली, जिन्ना रोड एवं कपड़ा बाजार (गंगाशहर) में भी पटाखे चलाने और आतिशबाजी पर प्रतिबंध रहेगा। इसी तरह अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक एवं जिला स्वास्थ्य केंद्रों, न्यायालयों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक परिसरों तथा सक्षम अधिकारी की ओर से शांत क्षेत्र घोषित स्थानों के 100 मीटर के दायरे में पटाखे चलाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। जिला मजिस्ट्रेट निशान्त जैन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
ये आदेश 6 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगे। ध्वनि प्रदूषण के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के 18 जुलाई, 05 एवं 23 अक्टूबर, 18 के आदेशों तथा राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण, भोपाल की ओर से जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गृह विभाग एवं पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, जयपुर के आदेशों की अनुपालना में जिले में रात्रि 8 बजे से 10 बजे के अतिरिक्त अन्य समय में पटाखों एवं आतिशबाजी के उपयोग एवं चलाने पर प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा आर्मी एरिया, एयरफोर्स बीकानेर/नाल तथा आर्मी के एम्युनिशन डिपो के 500 मीटर की परिधि में भी आतिशबाजी के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 के प्रावधानों के अंतर्गत दंडनीय अपराध माना जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ