खाजूवाला में सिंचाई पानी को लेकर किसानों का चक्काजाम, बाजार और अनाज मंडी बंद
खाजूवाला में सिंचाई पानी को लेकर किसानों का चक्काजाम, बाजार और अनाज मंडी बंद
बीकानेर/खाजूवाला। सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन गुरुवार को और तेज हो गया। पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे किसानों ने अब खाजूवाला कस्बे में चक्काजाम शुरू कर दिया है। किसानों के आह्वान पर बाजार और अनाज मंडी भी बंद रखी गई।
किसानों ने राजीव सर्किल चौराहे सहित प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम कर दिया। चक-ढाणियों से बड़ी संख्या में किसान खाजूवाला पहुंचे हैं। किसानों का कहना है कि रबी फसल की बुवाई और पकाव के समय पर्याप्त सिंचाई पानी उपलब्ध होना जरूरी है।
आंदोलन को स्थानीय व्यापारियों का भी समर्थन मिला है। किसानों के समर्थन में खाजूवाला का बाजार और अनाज मंडी बंद रखी गई। वहीं बार एसोसिएशन खाजूवाला ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है।
किसानों की प्रमुख मांग रबी फसलों के लिए पर्याप्त सिंचाई पानी उपलब्ध कराने की है। इसके साथ ही प्रथम चरण अनूपगढ़ शाखा के किसानों के लिए निर्धारित रिजर्व पानी पूरा उपलब्ध कराने की मांग भी की जा रही है।
किसानों के अनुसार सिंचाई पानी के मुद्दे पर इंदिरा गांधी नहर परियोजना के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद किसानों ने आंदोलन को और तेज करने का फैसला लिया।
चक्काजाम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। खाजूवाला सीओ विजयपाल यादव और सीआई अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस का जाब्ता तथा RAC के जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ