बीकानेर रेल मंडल पर डिजिटल भुगतान को मिला बढ़ावा, यात्रियों को मिल रही बेहतर सुविधाएं
बीकानेर रेल मंडल पर डिजिटल भुगतान को मिला बढ़ावा, यात्रियों को मिल रही बेहतर सुविधाएं
मोबाइल ऐप "रेलवन" यात्रियों के लिए वरदान साबित
रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर और तेज सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डिजिटल भुगतान व्यवस्था को व्यापक स्तर पर लागू किया गया है। इसके साथ ही रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बहुउपयोगी डिजीटल प्लेटफॉर्म “रेलवन ऐप” उपलब्ध करवाई गई है। यह ऐप रेलवे से जुड़ी विभिन्न जानकारियों और सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (बीकानेर) वीरेन्द्र जोशी ने बताया कि बीकानेर रेल मंडल पर रेलवे टिकट, पार्सल, रिटायरिंग रूम, गुड्स तथा अन्य सेवाओं के भुगतान के लिए ऑनलाइन डिजिटल पेमेंट का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की लंबी कतारों को कम करने और ”डिजिटल इंडिया“ अभियान को मजबूत बनाने के लिए अनारक्षित टिकट काउंटरों, पार्सल कार्यालयों, फूड स्टॉल तथा अन्य सेवा केंद्रों पर डायनामिक क्यूआर कोड आधारित भुगतान प्रणाली लागू है। इससे यात्री अब टिकट खिड़की पर ही आसानी से ऑनलाइन भुगतान कर रहे हैं, जिससे समय की बचत होने के साथ सुविधा भी बढ़ी है। प्रमुख स्टेशनों के आरक्षण टिकट काउंटरों पर पीओएस मशीनों के माध्यम से पहले से ही डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त मंडल के कई स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के जरिए भी यात्री डिजिटल माध्यम से अनारक्षित टिकट प्राप्त कर रहे हैं। इस भुगतान प्रणाली से खुले पैसे की समस्या समाप्त हो रही है तथा यात्रियों को कम समय में पारदर्शी और सुरक्षित टिकट सेवा मिल रही है। यात्री अब पेटीएम, गूगल पे और फोनपे जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म के माध्यम से आसानी से भुगतान कर रहे हैं।
मंडल के सभी आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों तथा पार्सल कार्यालयों में क्यूआर कोड सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे डिजिटल लेनदेन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
साथ ही भारतीय रेल का मोबाइल ऐप रेलवन यात्रियों के बीच बड़ी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
रेलवे प्रशासन द्वारा डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए सोशल मीडिया, जागरूकता अभियानों और रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से यात्रियों को लगातार प्रेरित किया जा रहा है। रेल का उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक, तेज और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। यात्रियों से अनुरोध है कि अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान का उपयोग करें और भारतीय रेलवे के ”डिजिटल इंडिया“ एवं आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ