रेलवे का बड़ा फैसला: रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेन में बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सुरक्षा को लेकर सख्ती
रेलवे का बड़ा फैसला: रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेन में बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सुरक्षा को लेकर सख्ती
रेलवे न्यूज़। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। रेलवे बोर्ड ने रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोचों में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा है। हाल ही में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक फटने की घटना के बाद यह मामला फिर चर्चा में आया है।
रेलवे बोर्ड ने जारी किए निर्देश
रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर को जारी पत्र में सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय के दौरान कोचों में चार्जिंग पॉइंट की बिजली आपूर्ति बंद रखी जाए। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था को लागू करने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निर्देशों के अनुसार, संबंधित कर्मचारियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को औचक निरीक्षण करने के लिए कहा गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रहें।
पावर बैंक फटने के बाद बढ़ी चिंता
हाल ही में दक्षिण पूर्व रेलवे क्षेत्र में ट्रेन के भीतर चार्जिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक फटने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद कोच में धुआं फैल गया और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना ने ट्रेन में मोबाइल, पावर बैंक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज करने के दौरान होने वाले संभावित खतरों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
यात्रियों को क्या रखना होगा ध्यान?
रेलवे के निर्देशों के अनुसार, रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेन के चार्जिंग पॉइंट से मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज नहीं किए जा सकेंगे। यात्रियों को सलाह है कि वे अपने उपकरण निर्धारित समय से पहले चार्ज कर लें और यात्रा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल में सुरक्षा का ध्यान रखें।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ