साइबर ठगों ने फोन ऑटो पे के साधन से लाखों रुपये किया पार
, नोखा। नोखा कस्बे में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने फोन-पे की ऑटो पे सुविधा का दुरुपयोग कर एक व्यक्ति के एसबीआई और केनरा बैंक के खातों से कुल 1 लाख 76 हजार 950 रुपए निकाल लिए। यह राशि दो से सात नवंबर के बीच 13 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से निकाली गई। मामले का पता चलने पर पीडि़त ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर-तीन, रोड़ा रोड, नोखा निवासी पोकरराम जाट ने रिपोर्ट में बताया कि उनके एसबीआई और केनरा बैंक में बचत खाते हैं। दोनों खातों से जुड़े मोबाइल नंबर पर फोन-पे की ऑटो पे सुविधा सक्रिय थी। इसी का दुरुपयोग करते हुए अज्ञात ठगों ने उनकी जानकारी और अनुमति के बिना दोनों खातों से कुल 1,76,950 रुपए ट्रांसफर कर लिए।रिपोर्ट के अनुसार केनरा बैंक खाते से दो नवंबर को रात 9:49 बजे 27 हजार रुपए तथा रात 10:03 बजे 30 हजार रुपए निकाले गए। इसके बाद सात नवंबर को 2,190 रुपए, 3,190 रुपए और 3,190 रुपए के तीन अन्य ट्रांजेक्शन किए गए। इस प्रकार केनरा बैंक खाते से कुल 65,570 रुपए निकाल लिए गए।इसी तरह एसबीआई खाते से दो नवंबर को 30 हजार रुपए, पांच नवंबर को 33,190 रुपए तथा छह नवंबर को 48,190 रुपए ट्रांसफर किए गए। इस खाते से कुल 1,11,380 रुपए की ठगी हुई
पीडि़त ने पुलिस से ठगी गई राशि ब्याज सहित वापस दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि 20 नवंबर को पोकरराम जाट ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इससे पहले इस मामले में सीसीटीएनएस के माध्यम से जीरो एफआईआर भी प्राप्त हुई थी। प्रकरण की जांच एसआई नरेश कुमार को सौंपी
गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ