मतदान कर लौटे परिवार का आशियाना आग में राख, नकदी-गहने और गृहस्थी का सामान जला
मतदान कर लौटे परिवार का आशियाना आग में राख, नकदी-गहने और गृहस्थी का सामान जला
श्रीडूंगरगढ़। लोकतंत्र के पर्व पर मतदान करने गया एक परिवार जब वापस लौटा तो उसका आशियाना आग की लपटों में घिरकर राख हो चुका था। गांव कितासर भाटियान की अगुणी रोही में 132 जीएसएस के पास स्थित सवाईराम कामड़ की ढाणी में मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ढाणी के दो झोपड़े सहित गृहस्थी का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में आने से पशुधन भी झुलस गया। राहत की बात यह रही कि ढाणी में मौजूद बच्चे समय रहते बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। बारानी खेत में ढाणी होने के कारण मौके पर पानी उपलब्ध नहीं हो सका। ऐसे में ग्रामीणों ने मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि पूरा आशियाना इसकी चपेट में आ गया। ग्रामीणों की आंखों के सामने परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी और गृहस्थी जलकर राख हो गई।
पीड़ित सवाईराम कामड़ के अनुसार आग में दो झोपड़े पूरी तरह जल गए। इनमें रखे 20 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के गहने, जरूरी दस्तावेज, बर्तन, बिस्तर, कपड़े और राशन सहित गृहस्थी का समूचा सामान नष्ट हो गया। इसके अलावा 10 माच, कूलर, दो बोरी ग्वार और एक क्विंटल मोठ भी आग की भेंट चढ़ गए। आग से तीन गाय, तीन बछड़े और दो बकरियां भी झुलस गईं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पटवारी और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देकर नुकसान का आकलन करवाने तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। मतदान करने गए परिवार के लिए लोकतंत्र का यह पर्व एक बड़े दुखद हादसे में बदल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत उपलब्ध करवाने की गुहार लगाई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ