विवाहिता का बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, युवक पर मामला दर्ज
बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने सुरपुरा निवासी एक युवक पर विवाहिता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, विवाहिता दीपावली से एक दिन पहले अपने ससुराल से पीहर आई थी और पिछले करीब 15 दिनों से यहीं रह रही थी। 23 नवंबर की सुबह करीब 8:20 बजे वह देशनोक में दर्शन और परिक्रमा करने की बात कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन विवाहिता का कोई सुराग नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परिजनों ने अपनी रिपोर्ट में सुरपुरा निवासी जयकिशन पर विवाहिता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद से जयकिशन भी अपने घर पर नहीं मिला और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। नापासर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई धर्मेंद्र मीणा को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ