बीकानेर: सोलर प्लांट से 7 लाख की केबल चोरी, 250 मेगावाट के प्लांट से 7 हजार मीटर केबल ले गए चोर
बीकानेर: सोलर प्लांट से 7 लाख की केबल चोरी, 250 मेगावाट के प्लांट से 7 हजार मीटर केबल ले गए चोर
बीकानेर। बज्जू थाना क्षेत्र के दादू का गांव और सेवड़ा गांव में स्थित महिंद्रा प्राइवेट लिमिटेड के 250 मेगावाट सोलर प्लांट से करीब सात लाख रुपए कीमत की 7 हजार मीटर केबल चोरी हो गई। यह घटना 17 अगस्त की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी चन्द्रजीतसिंह भाटी ने बताया कि दादू का गांव निवासी जस्सूसिंह पुत्र नगसिंह राजपूत ने इस संबंध में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया कि 17 अगस्त की रात 12 बजे के बाद सोलर कंपनी के अंदर ब्लॉक नंबर 18 स्थित इन्वर्टर नंबर 70 की SCB में लगे 4, 5, 6, 7, 10, 11, 12 और 13 नंबर स्थानों से अज्ञात व्यक्ति करीब 7 हजार मीटर केबल चोरी कर ले गए।
घटना का पता लगने के बाद सुपरवाइजर जस्सूसिंह ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में शिकायत के आधार पर विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच हैडकांस्टेबल अमित कुमार को सौंपी गई है। सुपरवाइजर जस्सूसिंह के अनुसार, चोरी गई केबल की कीमत करीब 7 लाख रुपए है। यह सोलर प्लांट वर्ष 2020-21 में दादू का गांव और सेवड़ा गांव क्षेत्र में लगाया गया था। यह करीब 750 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ