बड़ी खबर: आतंकियों का कायराना हमला: नाम पूछा, फिर बरसाईं गोलियां; 2 मजदूरों की मौत
बड़ी खबर: आतंकियों का कायराना हमला: नाम पूछा, फिर बरसाईं गोलियां; 2 मजदूरों की मौत
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार रात आतंकियों ने एक बार फिर गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाते हुए पहलगाम हमले जैसी वारदात को अंजाम दिया। ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे दो हिंदू मजदूरों को कथित तौर पर नाम पूछने के बाद गोली मार दी गई। दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के निवासी थे। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, हमला शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे कुलगाम से लगभग 20 किलोमीटर दूर केलाम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर हुआ। हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय भूपेंद्र ने शनिवार सुबह शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (SKIMS), श्रीनगर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
नाम पूछकर बनाया निशाना
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय ईंट-भट्ठे पर कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे, लेकिन हमलावरों ने कथित तौर पर केवल दोनों हिंदू मजदूरों को निशाना बनाया। आसपास के लोगों ने 10 से 12 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनने की बात कही है। हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने घटनास्थल के आसपास लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर बाइक पर सवार दो आतंकी थे।
TRF से जुड़े होने का शक
सूत्रों के अनुसार, हमले में शामिल आतंकियों के लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़े होने की आशंका है। जांच एजेंसियों को शक है कि एक आतंकी स्थानीय और दूसरा पाकिस्तानी नागरिक हो सकता है। प्रारंभिक जांच में मोहम्मद लतीफ नामक संदिग्ध पर भी फोकस किया जा रहा है, जो कथित तौर पर पिछले वर्ष TRF में शामिल हुआ था।
मुख्यमंत्री ने मुआवजे का किया ऐलान
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मृतकों के परिजनों के लिए पहले से निर्धारित 6 लाख रुपये की सहायता राशि के अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस और जांच एजेंसियां ईंट-भट्ठे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में ऐसे हमलों के बाद ईंट-भट्ठों पर CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए थे। जिस ईंट-भट्ठे पर यह हमला हुआ, वहां भी कैमरे लगे हुए थे, जिनकी रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ