बीकानेर: आवारा पशु से टकराई बाइक, 15 वर्षीय किशोर की मौत; सिस्टम की लापरवाही पर उठे सवाल
बीकानेर: आवारा पशु से टकराई बाइक, 15 वर्षीय किशोर की मौत; सिस्टम की लापरवाही पर उठे सवाल
बीकानेर। शहर की सड़कों पर घूम रहे निराश्रित और आवारा पशु लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। इसके बावजूद नगर निगम और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आमजन की जान जोखिम में बनी हुई है। एक बार फिर ऐसा ही दर्दनाक हादसा व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां सड़क पर अचानक आए आवारा पशु से टकराने के कारण एक किशोर की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा 26 मई की सुबह करीब साढ़े छह बजे जयपुर रोड स्थित सुभाष पेट्रोल पंप के पास हुआ। हादसे में नागौर निवासी एवं वर्तमान में वृंदावन एनक्लेव, बीकानेर निवासी रमजान (15) पुत्र श्याम खां की मौत हो गई। इस संबंध में मृतक के मामा बेगा खां निवासी नागौर ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
रिपोर्ट के अनुसार रमजान अपनी मोटरसाइकिल से अंबेडकर कॉलोनी से वृंदावन एनक्लेव की ओर जा रहा था। जब वह जयपुर रोड स्थित सुभाष पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो अचानक सड़क पर एक आवारा पशु दौड़ता हुआ सामने आ गया।
अचानक सामने आए पशु के कारण बाइक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और मोटरसाइकिल सीधे पशु से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार रमजान दूर जाकर गिर गया और उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल रमजान को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर शहर में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की मुख्य सड़कों पर बड़ी संख्या में निराश्रित पशु घूमते रहते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ