राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी, 47 के पार जाएगा पारा, जाने बीकानेर में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी, 47 के पार जाएगा पारा, जाने बीकानेर में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर थमने के साथ ही गर्मी फिर से बढ़ने लगी है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक का इजाफा हुआ। पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने राज्य में 9 मई से हीटवेव (लू) का एक नया दौर शुरू होने और तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। इस बीच 2 जिलों (भरतपुर और धौलपुर) में बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
वहीं बीकानेर में 11 बजे से ही सूरज की किरणें आग उगलने लगीं, जिससे दोपहर में प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसर गया। 06 मई को अधिकतम तापमान 40.2° और न्यूनतम 23.8° दर्ज किया गया। भीषण गर्मी का सीधा असर व्यापार पर पड़ा है और व्यापारिक टर्नओवर में 20% तक की गिरावट आई है। लोग चेहरों को ढककर निकल रहे हैं और राहत के लिए शीतल पेय की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। शहर में पानी की मांग 30% बढ़ गई है। नहरबंदी के कारण आपूर्ति चुनौती बनी हुई है, जिससे गंगाशहर और भीनासर जैसे क्षेत्रों में लोग निजी टैंकरों पर निर्भर हैं। मांग का फायदा उठाकर संचालकों ने दाम 100 से 200 रुपए तक बढ़ा दिए हैं। गर्मी ने बेजुबानों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं; परिंडों का पानी खौलने लगा है और पशु छांव तलाश रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 07 मई को पारा 42° डिग्री और 08-09 मई को 43°डिग्री रहेगा। 10 और 11 मई को 45° डिग्री के साथ ‘हीट वेव’ का अलर्ट है, जबकि 12 मई को पारा 47 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ