बीकानेर: नीलगाय के सामने आने से अनियंत्रित हुई कैंपर, युवक की मौत, एक घायल
बीकानेर: नीलगाय के सामने आने से अनियंत्रित हुई कैंपर, युवक की मौत, एक घायल
श्रीडूंगरगढ़। थाना क्षेत्र में सड़क पर अचानक नीलगाय आने से एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। हादसे में वाहन में सवार दो युवक नीचे गिर गए। दोनों को गंभीर हालत में पीबीएम ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, चूरू जिले के सरदारशहर तहसील की ढाणी दुदगिरी निवासी आदूराम नायक ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भतीजा विनोद कुमार जोधपुर से मजदूरी कर बोलेरो कैंपर से अपने गांव लौट रहा था। उसके साथ गांव का भैराराम भी वाहन में सवार था। हादसा हमासर के पास हुआ, जहां अचानक सड़क पर नीलगाय आ जाने से चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए। इससे कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इसी दौरान वाहन का पिछला फाटक खुल गया और पीछे बैठे विनोद कुमार व भैराराम नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से पीबीएम ट्रॉमा सेंटर, बीकानेर पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान विनोद कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि भैराराम का उपचार जारी है। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच एएसआई भंवरू खां को सौंपी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ