दिव्यांग दंपती से धोखाधड़ी का आरोप, पड़ोसियों के खिलाफ मामला दर्ज
दिव्यांग दंपती से धोखाधड़ी का आरोप, पड़ोसियों के खिलाफ मामला दर्ज
जमीन की पावर अटॉर्नी अपने नाम करवाने का आरोप, 2 लाख रुपए की धोखाधड़ी और घर से बेदखल करने की धमकी देने का भी लगाया आरोप
श्रीडूंगरगढ़। जमीन विवाद के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। श्रीडूंगरगढ़ में एक दिव्यांग दंपती ने अपने तीन पड़ोसियों के खिलाफ धोखाधड़ी कर मकान की जमीन की पावर अटॉर्नी अपने नाम करवाने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार, कालूबास निवासी हीराराम मेघवाल ने मोहल्ले के दौलतराम जाट, भंवरलाल मेघवाल और मनमोहन सुधार के खिलाफ शिकायत दी है। परिवादी ने बताया कि वह और उसकी पत्नी दोनों आंखों से दिव्यांग हैं। करीब चार साल पहले उसने घरेलू काम के लिए दौलतराम से 20 हजार रुपए उधार लिए थे। आरोप है कि इसके बाद उसे नगरपालिका में कैंप चलने और उसकी पहचान से मकान की जमीन नाम करवाने का भरोसा दिलाया गया।
परिवादी के अनुसार, 7 जुलाई 2022 को उसकी मां किशनादेवी के नाम का मकान का पट्टा आरोपी अपने पास ले गया। इसके बाद उसे तहसील ले जाकर तीनों आरोपियों की मौजूदगी में दो स्टाम्प खरीदे गए। आरोप है कि स्टाम्प पर उसके हिसाब से लिखापढ़ी करवाकर अंगूठे लगवा लिए गए। आरोपियों ने पट्टा और लिखापढ़ी किए गए दोनों स्टाम्प अपने पास रख लिए।
परिवादी ने आरोप लगाया कि 20 हजार रुपए के बदले उसने कभी किश्त और पेनल्टी के नाम पर करीब 2 लाख रुपए दे दिए। करीब दस दिन पहले आरोपी ने उससे 20 हजार रुपए की तकाजा किया। जब परिवादी ने दो लाख रुपए दिए जाने की बात कही तो आरोपी नाराज हो गया और जमीन बेचने की पावर अटॉर्नी भंवरलाल के नाम लिखवा लेने की बात कही।
परिवादी का आरोप है कि पट्टा वापस मांगने पर आरोपियों ने मना कर दिया और घर से बेदखल करने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई राजेंद्र कुमार को सौंपी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ