बीकानेर: नहर में तैरता मिला व्यापारी का शव, व्यापार में घाटे से था परेशान
बीकानेर: नहर में तैरता मिला व्यापारी का शव, व्यापार में घाटे से था परेशान
बज्जू। जोधपुर लिफ्ट नहर की 35 आरडी के पास रविवार दोपहर एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फलोदी जिले के बाप थाना क्षेत्र के मनजीतिया निवासी ओमप्रकाश (50) पुत्र कन्हैयालाल ब्राह्मण के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश ग्वार की खरीद-फरोख्त का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, इस वर्ष ग्वार के व्यापार में घाटा होने के कारण वे मानसिक तनाव में थे।
मृतक के भाई श्यामलाल ने बज्जू थाने में रिपोर्ट दी कि उनके बड़े भाई ओमप्रकाश 21 नवंबर 2026 की सुबह घर से बिना बताए निकल गए थे। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। रिपोर्ट के अनुसार, 22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे जोधपुर लिफ्ट नहर की 35 आरडी के पास ओमप्रकाश मृत अवस्था में मिले। रिपोर्ट में नहर के पानी में डूबने से मौत होने की बात कही गई है।
श्यामलाल ने पुलिस को बताया कि व्यापार में हुए घाटे के कारण ओमप्रकाश परेशान रहते थे। हालांकि, उन्होंने अपनी रिपोर्ट में किसी व्यक्ति पर संदेह जाहिर नहीं किया है और पुलिस से नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ