25 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शुरू की जांच।
25 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शुरू की जांच।
बीकानेर। महाजन कस्बे में मजदूरी करने आए 25 वर्षीय युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव टेंट के पाइप पर रस्सी से बने फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला निवासी वकील पुत्र सुल्तान लुहार गांव-गांव घूमकर मजदूरी करते हैं। वे पिछले करीब दो माह से महाजन के वार्ड 13 में सामुदायिक भवन के पास तंबू लगाकर रह रहे थे। रविवार को वहां नामकरण का कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जिसके लिए टेंट लगाया गया था। इसी दौरान रात को वकील का 25 वर्षीय पुत्र मदनलाल टेंट के पाइप पर रस्सी से बने फंदे पर लटका मिला।
सोमवार अलसुबह परिजनों ने मदनलाल को फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिवादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि मदनलाल पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ