5-डे बैंकिंग की मांग पर बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, लगातार 3 दिन बंद रहेंगे बैंक
SBI, PNB समेत देशभर के बैंक लगातार 3 दिन बंद, आज कर्मचारियों की हड़ताल
नई दिल्ली। देशभर में SBI, PNB और यूनियन बैंक समेत सरकारी और कुछ निजी बैंकों की शाखाएं लगातार तीन दिन बंद रहेंगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने करीब दो साल से लंबित 5-डे बैंकिंग की मांग को लेकर शुक्रवार को एक दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।
इसके बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में ग्राहकों को लगातार तीन दिन शाखा स्तर की सेवाएं प्रभावित होने का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, UPI, मोबाइल बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है।
5-डे बैंकिंग की मांग क्यों?
UFBU के अनुसार, 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ 12वें द्विपक्षीय समझौते और 9वें जॉइंट नोट पर हस्ताक्षर हुए थे। इसमें सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग लागू करने पर सहमति बनी थी।
प्रस्ताव के तहत कर्मचारियों के सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त काम करने की व्यवस्था होगी। IBA ने प्रस्ताव को मंजूरी देकर केंद्र सरकार के पास भेजा था, लेकिन दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद इसे वित्त मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिली है।
क्या बदलेगा 5-डे बैंकिंग लागू होने पर?
अभी महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं।
नए प्रस्ताव के बाद हर शनिवार बैंक बंद रहेंगे।
सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम होगा।
नई PLI स्कीम पर भी विवाद
बैंक यूनियनों ने वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की नई PLI (Performance Linked Incentive) गाइडलाइंस पर भी आपत्ति जताई है। यूनियनों का आरोप है कि नई व्यवस्था में वरिष्ठ अधिकारियों और निचले स्तर के कर्मचारियों के बीच बड़ा अंतर रखा गया है। स्केल IV और उससे ऊपर: व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 365 दिनों के बेसिक पे तक PLI। वर्कमेन और स्केल I से III: अधिकतम 15 दिनों का बेसिक पे + DA। UFBU का कहना है कि PLI बैंक के समग्र प्रदर्शन पर आधारित होना चाहिए और स्केल VII तक सभी कर्मचारियों को समान दिनों का इंसेंटिव मिलना चाहिए। यूनियनों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर से देशभर के बैंकों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ