बीकानेर: इंटर ब्लॉक फैक्ट्री में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर: इंटर ब्लॉक फैक्ट्री में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
पंचायती बैठक के बाद विवाद ने लिया तूल, फैक्ट्री के कमरों के गेट तोड़कर किया हमला; पिकअप सहित अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ का आरोप
बीकानेर। जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में इंटर ब्लॉक फैक्ट्री में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने परिवादी और उसके परिजनों के साथ मारपीट की तथा फैक्ट्री परिसर में तोड़फोड़ कर वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, खाजूवाला निवासी और वर्तमान में आरडी 837, गजनेर थाना क्षेत्र में रहने वाले पवन कुमार पुत्र अमरचंद कुम्हार ने शिकायत दी थी। परिवादी के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को आरोपी दलिप सिंह ने उसके साथ थप्पड़-मुक्की की थी। इस संबंध में 30 सितंबर को पंचायती बैठक हुई थी। आरोप है कि पंचायती बैठक के दौरान दलिप सिंह, जसवीर सिंह, वीरेन्द्र सिंह, खींव सिंह और शिव सिंह ने परिवादी तथा उसके परिजनों के साथ मारपीट की।
फैक्ट्री में घुसकर तोड़फोड़ का आरोप
परिवादी ने आरोप लगाया कि जब वह अपनी इंटर ब्लॉक फैक्ट्री पहुंचा तो आरोपियों ने कमरों के गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद परिवादी और उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई तथा फैक्ट्री में तोड़फोड़ की गई। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने परिवादी की पिकअप गाड़ी और उसके परिवार के लोगों द्वारा लाई गई अन्य गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे काफी नुकसान होने की बात कही गई है।
पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया
गजनेर थाना पुलिस ने मामले की जांच के बाद दलिप सिंह (32), जसवीर सिंह (36), वीरेन्द्र सिंह (26), खींव सिंह (33) और शिव सिंह (30) को 16 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी आरडी 837, गजनेर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
इन पुलिस अधिकारियों की रही भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारीलाल मीणा और वृत्ताधिकारी जयरपाल सिंह के सुपरविजन में गजनेर थानाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी ओमप्रकाश, सुगनाराम एएसआई, नारायण कांस्टेबल और रामचंद्र शामिल रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ