बीकानेर: शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक शोषण करने का आरोप, मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का भी मामला दर्ज
बीकानेर: शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक शोषण करने का आरोप, मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का भी मामला दर्ज
बीकानेर। शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने, मारपीट करने, जातिसूचक अपशब्द कहने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच बीकानेर एससी-एसटी सेल के आरपीएस अधिकारी अरविंद भारद्वाज को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए परिवाद में बताया कि वह विधवा है और मजदूरी करके अपना जीवनयापन करती है। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी मुलाकात मढ़ निवासी और वर्तमान में छतरगढ़ में रहने वाले ट्रक चालक दीपाराम से हुई थी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए उससे शादी करने का वादा किया। इसके बाद उसे बीकानेर में किराये के कमरे में रखा और शादी का भरोसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, जब भी वह शादी की बात करती तो आरोपी कुछ समय बाद विवाह करने का आश्वासन देता रहा।
शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि आधार कार्ड अपडेट कराने का बहाना बनाकर आरोपी ने उससे कई खाली कागजों और स्टाम्प पेपर पर अंगूठे के निशान और हस्ताक्षर करवा लिए। पीड़िता के मुताबिक, जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया और खुद को पहले से विवाहित बताया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने अपने दो बेटों और दो भाइयों को बुला लिया। शिकायत के अनुसार, सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जमीन पर पटक दिया और कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता ने जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। इसके अलावा, पीड़िता का कहना है कि उसे अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई और चुप रहने का दबाव बनाया गया।
पीड़िता के अनुसार, उसने 8 अक्टूबर को नयाशहर थाने में लिखित शिकायत दी थी। कार्रवाई नहीं होने पर उसने 12 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवाद पेश किया। पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त परिवाद की जांच के बाद प्रथम दृष्टया मामला दर्ज किया गया है। अब एससी-एसटी सेल के आरपीएस अधिकारी अरविंद भारद्वाज मामले की जांच करेंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ