घर में घुसकर की फायरिंग और मारपीट करने का आरोप, पुलिस ने दस नामजद लोगों पर किया मामला दर्ज
घर में घुसकर की फायरिंग और मारपीट करने का आरोप, पुलिस ने दस नामजद लोगों पर किया मामला दर्ज
बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर हमला करने, फायरिंग करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रताप बस्ती निवासी राजूराम नायक ने रिपोर्ट दी कि उसके पड़ोसी जेठाराम जाट और उसके परिवार के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। परिवादी का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते थे और जान से मारने की धमकियां देते रहे हैं।
रिपोर्ट में बताया गया कि 14 जून की रात करीब 11:30 बजे जेठाराम और उसके भाई गोविंद उर्फ सम्राट ने फोन कर कथित रूप से रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 15 जून को फिर फोन कर जान से मारने की बात कही गई।
परिवादी के अनुसार कुछ देर बाद जेठाराम, गोविंद, कन्हैयालाल, राधाकिशन, धर्मा, देवराज, रामदेव, सोनू यादव, लकी जावा, अशोक तथा 10-12 अन्य लोग हथियारों से लैस होकर उसके घर पहुंचे और हमला कर दिया। इस दौरान उसके भाई पृथ्वीराज तथा रिश्तेदार कालूराम और तुलसीराम घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने एक वाहन में भी तोडफ़ोड़ की।
परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने मोहल्ले में दहशत फैलाने के लिए तीन हवाई फायर किए तथा गोविंद उर्फ सम्राट पिस्टल लेकर घर में घुसा और परिवार को जातिसूचक गालियां दीं। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मारपीट, धमकी, घर में घुसकर हमला, आम्र्स एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच नगर वृत्ताधिकारी रोहित चौधरी को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ