बीकानेर: शाहरूख हत्याकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार, दुबई, जॉर्जिया और आर्मेनिया तक काटी फरारी
बीकानेर: शाहरूख हत्याकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार, दुबई, जॉर्जिया और आर्मेनिया तक काटी फरारी
बीकानेर। बीछवाल थाना पुलिस ने वर्ष 2024 के चर्चित हत्या प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या की रेकी करने वाले इनामी वांछित आरोपी रूघवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए भारत ही नहीं, बल्कि दुबई, जॉर्जिया और आर्मेनिया सहित हरियाणा, पंजाब और हनुमानगढ़ में लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। उस पर बीकानेर पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2024 को परिवादी सदाम, उसका भाई शाहरूख और परिवार के अन्य सदस्य शोभासर से बारात में शामिल होकर बीकानेर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे 20-30 बदमाशों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया।
इसके बाद सिकंदर, साजिद, सीताराम, प्रकाश सहित अन्य आरोपियों ने पिस्तौलों से जानलेवा फायरिंग कर दी। इस हमले में शाहरूख की मौके पर ही मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह एवं अनुष्ठा कालिया के सुपरविजन में बीछवाल थाना प्रभारी दिगपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार निगरानी रखी। पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस ने छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के 5 जी.एम. रानेर इलाके में दबिश देकर 24 वर्षीय रूघवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पहले से भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब उससे हत्या की साजिश और फरारी के दौरान मिले सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में बीछवाल थाना प्रभारी दिगपाल सिंह, एसआई विनोद कुमार, एसआई सुरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल रवि कुमार, रामनिवास, कांस्टेबल भगवानाराम, राजकमल, परमेश्वरी एवं सुरजाराम शामिल रहे। पुलिस ने विशेष रूप से कांस्टेबल रवि कुमार और भगवानाराम की भूमिका को सराहा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ