तिब्बत में 7 तीव्रता का भूकंप, 16 लोगों की मौत और 54 घायल होने की खबर
तिब्बत में 7 तीव्रता का भूकंप, 16 लोगों की मौत और 54 घायल होने की खबर
तिब्बत। तिब्बत में 7 तीव्रता के भूकंप से भारी नुकसान होने की खबर सामने आई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भारतीय समयानुसार गुरुवार रात 8:03 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस घटना में 16 लोगों की मौत और 54 लोगों के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र तिब्बत के नागकू क्षेत्र में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था। यह स्थान तिब्बत की राजधानी ल्हासा से लगभग 400 किलोमीटर दूर बताया गया है। चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र (CENC) के अनुसार, स्थानीय क्षेत्र में भूकंप के झटके स्पष्ट रूप से महसूस किए गए।
इसी बीच पाकिस्तान में 4.9 और अफगानिस्तान में 4.1 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन दोनों घटनाओं से हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।
तिब्बत भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है। यहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के आपस में टकराने के कारण भूगर्भीय हलचल होती रहती है। इसी प्रक्रिया से हिमालय पर्वतमाला का निर्माण हुआ है और क्षेत्र में भूकंप का खतरा बना रहता है।
इससे पहले जनवरी 2025 में तिब्बत के तिंगरी काउंटी में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था। उस घटना में तिब्बत में सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी, जबकि पड़ोसी नेपाल में भी 13 लोगों की जान गई थी। वर्ष 2010 में चीन के छिंगहाई प्रांत के युशू में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 2,698 लोगों की मौत हुई थी और करीब 300 लोग लापता हो गए थे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ