ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत में घायल 19 वर्षीय युवक की मौत, परिवार के इकलौते बेटे की गई जान
ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत में घायल 19 वर्षीय युवक की मौत, परिवार के इकलौते बेटे की गई जान
महाजन। समीपवर्ती मोखमपुरा लिंक रोड पर शनिवार को ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हुए 19 वर्षीय युवक की बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर छा गई।
जानकारी के अनुसार, मोखमपुरा निवासी बालाराम गवारिया का 19 वर्षीय पुत्र भीमसेन गवारिया शनिवार दोपहर अपने बहनोई लूणकरणसर निवासी शिवलाल पुत्र हड़मानाराम के साथ बाइक पर सवार होकर पल्लू स्थित माताजी के धोक लगाने जा रहा था। गांव से निकलते ही राजमार्ग के पास एक ठेकेदार के ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि शिवलाल उछलकर दूर जा गिरा, जबकि भीमसेन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायल भीमसेन को महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी महाजन अस्पताल पहुंचे। इसके बाद भीमसेन को बीकानेर ले जाया गया, जहां शनिवार देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना को लेकर रावतसर निवासी और वर्तमान में मोखमपुरा में रह रहे मृतक के रिश्तेदार मनीराम पुत्र सहीराम गवारिया ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। महाजन पुलिस बीकानेर पहुंचकर पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी कार्रवाई करेगी।
ग्रामीणों के अनुसार, भीमसेन तीन बहनों का इकलौता भाई था। तीनों बहनों की शादी हो चुकी थी, जबकि भीमसेन अविवाहित था। परिवार के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद मोखमपुरा गांव में शोक का माहौल है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ