पंचर गाड़ी का टायर बदलते समय तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, पेट्रोलिंग कर्मचारी सहित तीन की गई जान
पंचर गाड़ी का टायर बदलते समय तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, पेट्रोलिंग कर्मचारी सहित तीन की गई जान
जयपुर। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। गुर्जर खोहरा की पुलिया के पास चैनल नंबर 112/600 पर रात करीब 1:40 बजे तेज रफ्तार चौपहिया वाहन ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर एक गाड़ी पंचर हो गई थी। उसके टायर को बदलने का काम चल रहा था। इसी दौरान दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार चौपहिया वाहन ने सड़क किनारे मौजूद लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जगमोहन (25) निवासी सीतल, मनीषा गुप्ता (26) निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली और वाहन चालक आदिल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जगमोहन पेट्रोलिंग वाहन पर कार्यरत था। हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सीएचसी बड़ौदामेव ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना से तीन परिवारों में शोक की लहर छा गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ