राज्य स्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता 19 से 22 अगस्त तक, 5 एशियाड गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी भी दिखाएंगे दमखम
खुलासा न्यूज, बीकानेर। जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में राज्य स्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 22 अगस्त तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम, बीकानेर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में अंडर-20 बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का खास आकर्षण यह रहेगा कि इसमें एशियाड में गोल्ड मेडल जीत चुके 5 खिलाड़ी स्वयं प्रतियोगिता में खेलेंगे, जिनमें 4 महिला खिलाड़ी और 1 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा बालक एवं बालिका वर्ग में करीब 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तथा 100 से अधिक राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
कलेक्टर और एसपी ने किया पोस्टर विमोचन
प्रतियोगिता के पोस्टर का बीकानेर जिला कलेक्टर निशांत जैन एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने विधिवत विमोचन किया। दोनों अधिकारियों ने प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि इस प्रकार के बड़े खेल आयोजन होने से बीकानेर में खेलों का बेहतर वातावरण तैयार होता है। ऐसे आयोजनों से नई खेल प्रतिभाओं, विशेषकर बालक-बालिकाओं को खेलों की ओर आगे बढऩे और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोडऩा समाज के लिए बेहद सकारात्मक कदम है। खेलों में बढ़ती भागीदारी से युवा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की ओर बढ़ते हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रहते हैं। उन्होंने जिला कबड्डी संघ को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रदेश के सभी जिलों से अंडर-20 बालक एवं बालिका खिलाड़ी इसमें भाग लेने पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि एशियाड में गोल्ड मेडल जीत चुके पांच खिलाड़ी भी इसी जूनियर कैटेगरी में होने के कारण प्रतियोगिता में स्वयं हिस्सा लेंगे। इनमें चार महिला और एक पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाडिय़ों की मौजूदगी प्रतियोगिता को खास और रोमांचक बनाएगी।
राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 40 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और 100 से अधिक राष्ट्रीय पदक विजेता भी भाग लेंगे। इससे जूनियर खिलाडिय़ों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र व्यास ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से राजस्थान की नई कबड्डी प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जूनियर स्तर पर इतने बड़े स्तर के खिलाडिय़ों की भागीदारी से प्रतियोगिता का स्तर और बढ़ेगा। संघ की ओर से खिलाडिय़ों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस अवसर पर कबड्डी संघ के संरक्षक दानवीर सिंह भाटी, कोषाध्यक्ष दिलकांत माचरा, उपाध्यक्ष भैरूरतन ओझा, सचिव जितेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व सरपंच राजपाल कुलेहरी एवं सीताराम सिहाग ,कब्बड़ी कोच दिलीप सिंह, भगीरथ गोदारा सहित संघ के पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ