बीकानेर के वरिष्ठ पत्रकार को छत्तीसगढ़ थाने में 18 घंटे बिठाया , जैन परिवार को सुरक्षा देने की मांग सीएम को भेजा ज्ञापन
खुलासा न्यूज,बीकानेर/नेटवर्क। छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर (जिला कोरिया) में वर्षों से निवासरत बीकानेर (गंगाशहर) मूल के जैन अल्पसंख्यक परिवार को सुरक्षा प्रदान करने तथा उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के संबंध में जैन महासभा बीकानेर ने मांग की है। जैन महासभा ने इस घटनाक्रम पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
मंगलवार, 21 जुलाई 2026 को संस्था ने बीकानेर जिला कलेक्टर के माध्यम से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसकी प्रतियां कोरिया जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी प्रेषित की गई हैं।
ज्ञापन के अनुसार गंगाशहर (बीकानेर) का मूल निवासी बैद, जैन परिवार विगत 60 वर्षों से बैकुंठपुर में रहकर व्यापार, उद्योग और सामाजिक सेवाओं के माध्यम से क्षेत्र के विकास में निरंतर योगदान दे रहा है। पिछले कुछ समय से कुछ असामाजिक और उपद्रवी तत्वों द्वारा झूठे आरोपों, अनावश्यक विवाद खड़ा करने और भीड़ एकत्र कर भय का माहौल बनाकर इस परिवार को सामाजिक व आर्थिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है। इन घटनाओं से जिला कोरिया के संपूर्ण जैन अल्पसंख्यक समाज और स्थानीय व्यापारी वर्ग में गहरी असुरक्षा व चिंता का माहौल व्याप्त है। परिवार के आईसी मार्ट को बंद करवा दिया गया है।
जैन महासभा बीकानेर ने बैकुंठपुर सिटी कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी संख्या 214/2026, दिनांक 9 जुलाई 2026) का हवाला देते हुए मांग की है कि किसी भी झूठी, दुर्भावनापूर्ण या दबाव में कराई गई शिकायत की निष्पक्ष व विधिसम्मत जांच करवाई जाए। महासभा ने प्रशासन से मांग की है कि बैकुंठपुर ( कोरिया ) में निवासरत जैन परिवारों की सुरक्षा हेतु पर्याप्त पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल खराब न कर सके।
महासभा के पदाधिकारियों ने जोर देकर कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को जीवन, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और व्यापार करने का अधिकार देता है। अत: भीड़ एकत्र कर भय फैलाने और किसी विशेष समुदाय को लक्षित कर प्रताडि़त करने वाले उपद्रवियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गौरतलब है कि उक्त मामले में बैद परिवार के मौसेरे भाई पत्रकार जैन लूणकरन छाजेड़ भी इस घटना के अपने मौसीपरिवार के यहां छत्तीसगढ़ पहुंचे हुए थे। इस दौरान बीकानेर के प्रतिष्ठित इस जैन परिवार को भी थाने में ले जाया गया और 70 वर्षीय वरिष्ठ पत्रकार छाजेड़ को करीब 18 घंटे तक थाने में बिठाए रखा।
महासभा ने विश्वास जताया है कि छत्तीसगढ़ शासन और कोरिया जिला प्रशासन निष्पक्षता व संवेदनशीलता से काम करते हुए पीडि़त परिवार को न्याय दिलाएगा। इस अवसर पर जैन महासभा बीकानेर के अध्यक्ष जैन कन्हैयालाल बोथरा, महामंत्री जैन जतनलाल संचेती, शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़, जैन महासभा उपाध्यक्ष जैन संजय सांड, तेरापंथी सभा के पूर्व अध्यक्ष जैन अमरचंद सोनी, तेरापंथी सभा के अध्यक्ष जैन नवरतन बोथरा, तेरापंथी सभा के उपाध्यक्ष जैन पवन छाजेड़, तेरापंथी सभा के उपाध्यक्ष जैन डालचंद भूरा, जैन सुशील बैद, जैन सुरेश बच्छावत, जैन बच्छराज नाहटा, जैन मोतीलाल ललवाणी, जैन विनीत बोथरा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ