PhonePe ऑटो पे सुविधा का दुरुपयोग कर दो बैंक खातों से उड़ाए 1.76 लाख रुपए
PhonePe ऑटो पे सुविधा का दुरुपयोग कर दो बैंक खातों से उड़ाए 1.76 लाख रुपए
बीकानेर। नोखा कस्बे में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने PhonePe की ऑटो पे सुविधा का दुरुपयोग कर एक व्यक्ति के एसबीआई और केनरा बैंक खातों से कुल 1 लाख 76 हजार 950 रुपए निकाल लिए। दो से सात नवंबर के बीच 13 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए यह राशि निकाली गई। पीड़ित की रिपोर्ट पर नोखा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर-3, रोड़ा रोड, नोखा निवासी पोकरराम जाट ने रिपोर्ट में बताया कि उनके एसबीआई और केनरा बैंक में बचत खाते हैं। दोनों खातों से जुड़े मोबाइल नंबर पर PhonePe की ऑटो पे सुविधा सक्रिय थी। आरोप है कि अज्ञात साइबर ठगों ने इस सुविधा का दुरुपयोग करते हुए उनकी जानकारी और अनुमति के बिना खातों से रकम ट्रांसफर कर ली।
केनरा बैंक खाते से 65,570 रुपए की निकासी
रिपोर्ट के मुताबिक केनरा बैंक खाते से 2 नवंबर को रात 9:49 बजे 27 हजार रुपए और रात 10:03 बजे 30 हजार रुपए निकाले गए। इसके बाद 7 नवंबर को 2,190 रुपए, 3,190 रुपए और 3,190 रुपए के तीन अन्य ट्रांजेक्शन किए गए। इस खाते से कुल 65,570 रुपए निकाले गए।
एसबीआई खाते से 1,11,380 रुपए निकाले
इसी तरह एसबीआई खाते से 2 नवंबर को 30 हजार रुपए, 5 नवंबर को 33,190 रुपए और 6 नवंबर को 48,190 रुपए ट्रांसफर किए गए। इस खाते से कुल 1 लाख 11 हजार 380 रुपए की ठगी हुई। पीड़ित ने पुलिस से ठगी गई राशि ब्याज सहित वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार पोकरराम जाट ने 20 नवंबर को नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इससे पहले इस मामले में सीसीटीएनएस के माध्यम से जीरो एफआईआर भी प्राप्त हुई थी। प्रकरण की जांच एसआई नरेश कुमार को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ