बीकानेर में 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज, ब्याज पर दिए रुपए वापस नहीं लौटाने का आरोप
बीकानेर में 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज, ब्याज पर दिए रुपए वापस नहीं लौटाने का आरोप
न्यायालय के आदेश पर गंगाशहर थाने में एफआईआर, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का भी आरोप
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में न्यायालय के आदेश पर 20 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। परिवादी ने आरोप लगाया है कि ब्याज पर दिए गए रुपए वापस नहीं लौटाए गए और राशि हड़पने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए।
पुलिस के अनुसार रामपुरा बस्ती निवासी महेश वाजपाई पुत्र प्रहलाद वाजपाई ने न्यायालय में इस्तगासा पेश किया था। न्यायालय के आदेश पर गंगाशहर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
परिवादी का आरोप है कि उसने महेश कुमार गुप्ता पुत्र श्रीराम कुमार गुप्ता को 20 लाख रुपए ब्याज पर दिए थे। तय समय बीत जाने के बावजूद कथित तौर पर राशि वापस नहीं लौटाई गई।
परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने 20 लाख रुपए हड़पने के उद्देश्य से छल-कपट और बेईमानी की तथा कूटरचित स्टाम्प एवं लिखापढ़ी तैयार की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ